बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- गत रात से लगभग 1 लाख श्रद्धालुओं ने माता श्री नैना देवी के दर्शन करके अपने नववर्ष का आगाज किया, ताकि पूरा वर्ष माता की कृपा उनके परिवार पर बनी रहे।
नव वर्ष के उपलक्ष्य पर पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं के द्वारा रंग-बिरंगे फूलों लाइटों से सजाया गया। मां का मंदिर दूर-दूर तक प्राकृतिक सौंदर्य की अपार छटा बिखेर रहा था। दूर-दूर से माता के दर्शनों के लिए आए श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए खानपान की व्यवस्था पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं के द्वारा की गई थी। यहां पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया था, जहां पर विवाह शादियों की तरह स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं को भोजन एवं स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए। इस दौरान पंजाब , हिमाचल , हरियाणा , दिल्ली, उत्तराखंड , यूपी , बिहार और अन्य प्रदेशों से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ग्रुपों में रोका गया और बारी बारी उन्हें दर्शनों के लिए भेजा गया।
चप्पे पर पुलिस बल तैनात
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात की गई थी। श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी ज्यादा थी कि मंदिर से लेकर नीचे बस अड्डे तक श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगा रहा। पांच नंबर सेक्टर तक श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंच चुकी थी। हालांकि दिल्ली से आए श्रद्धालु एडवोकेट मोहित शर्मा ने बताया कि माता जी के दर्शन करके अपने नववर्ष का शुभारंभ किया है नए वर्ष में माता रानी की कृपा उनके परिवार पर बनी रहे।
