गुलशन धनोआ, देहरा(TSN): शारदीय नवरात्रि के पांचवे दिन प्रदेश के शक्तिपीठों में मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप स्कंदमाता की पूजा अर्चना की गई। प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वालामुखी में हजारों श्रद्धालुओं ने लाइनों में मातारानी के दर्शन किए। शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में शारदीय नवरात्रों के दौरान छठी,सप्तमी व अष्टमी को मंदिर 24 घंटे श्रद्धालुओं के दर्शनों के लिए खुला रहेगा।
मंदिर प्रशासन ने तीन दिनों के लिए सभी व्यवस्थाओं के लिए प्लान कर लिया है और सेवादारों की ड्यूटियां भी निर्धारित कर दी हैं। वहीं तीन दिनों तक मंदिर केवल भोग प्रसाद व पूर्व निर्धारित आरतियों के लिए ही बंद होगा बाकी समय मंदिर खुला रहेगा। गुरुवार को शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में पांचवे नवरात्रि के दिन स्कंदमाता की पूजा अर्चना की गई।
पुजारी व पूर्व न्यास सदस्य सौरभ शर्मा ने बताया क पंचम नवरात्र पर स्कंदमाता की पूजा विधिवत रूप से की गई और आज स्कंदमाता की पूजा करने से मोक्ष की प्राप्ति होती हैं। यह माता पुत्र दात्री है और सभी मनोकामनाओं को पूर्ण करने वाली हैं। मंदिर प्रशासन की तरफ से सभी इंतजाम सुविधाएं श्रद्धालुओं के लिए किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे असमाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही हैं।
वहीं लखनऊ से आई भक्तों की टोली ने बताया कि वे हर साल इन नवरात्रो में माता की ज्योति लेकर जाते हैं ओर घर मे जागरण करवाते हैं। प्रसाशन के सभी इंतजाम सही हैं और सुविधाजनक दर्शन हुए हैं। आज पंचम नवरात्र पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ मंदिर में दिखीं हजारों श्रद्धालुओं ने लाइनों में लगकर और जयकारे लगाते हुए माता ज्वाला की दिव्य ज्योतियों के दर्शन किए।
