ब्लैक स्पॉट होंगे चिह्नित, NHAI के साथ मिलकर सुधारी जाएंगी सड़क की खामियां
राहुल चावला, धर्मशाला-: कांगड़ा जिला में फोरलेन निर्माण के साथ ही सड़क सुरक्षा की चुनौतियां भी बढ़ने लगी हैं। कहीं तेज रफ्तार हादसों का कारण बन रही है तो कहीं अधूरे निर्माण और पुराने टू-लेन मार्ग पर बढ़ता ट्रैफिक वाहन चालकों के लिए परेशानी खड़ी कर रहा है। खासकर जंक्शन, बाइफर्केशन और सर्विस लेन से मुख्य सड़क पर मिलने वाले संपर्क मार्गों पर दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। इन परिस्थितियों को देखते हुए कांगड़ा पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। अब तेज रफ्तार वाहनों पर आईटीएमएस कैमरों से नजर रखी जा रही है और नियमों की अनदेखी करने वालों के ऑनलाइन चालान किए जाएंगे। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की तैयारी है। पुलिस ने एनएचएआई और संबंधित विभागों के साथ मिलकर सड़क की खामियों को दूर करने की कवायद भी शुरू कर दी है।
कांगड़ा जिला में नूरपुर से कांगड़ा तक फोरलेन का निर्माण कार्य अलग-अलग चरणों में जारी है। शाहपुर क्षेत्र में रजोल तक फोरलेन तैयार हो चुका है, लेकिन रजोल से ठानपुरी के बीच अभी सड़क की एलाइनमेंट तय नहीं हो पाई है। ऐसे में इस हिस्से में वाहनों की आवाजाही पुराने टू-लेन मार्ग से ही हो रही है। दूसरी ओर, फोरलेन पर वाहनों की रफ्तार अधिक होने के कारण कई स्थानों पर हादसों की आशंका बनी हुई है। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था की निगरानी बढ़ा दी है।एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा के अनुसार, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण रखने के लिए आईटीएमएस के तहत ऑटोमेटिक कैमरों की व्यवस्था की गई है। इन कैमरों के जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है और नियम तोड़ने वालों के चालान किए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस की ओर से नियमित पेट्रोलिंग, नाकाबंदी और संवेदनशील चौराहों पर जवानों की तैनाती भी की जा रही है, ताकि सड़क पर यातायात का दबाव नियंत्रित किया जा सके।
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन अब दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान करने पर भी विशेष जोर दे रहा है। इस संबंध में एनएचएआई के अधिकारियों के साथ जिला स्तर पर बैठक की जा चुकी है। वहीं, सांसद की अध्यक्षता में आयोजित संसदीय स्तर की बैठक में भी ब्लैक स्पॉट की पहचान और वहां जरूरी सुरक्षा उपाय लागू करने पर चर्चा हुई है। ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां वाहनों की गति अधिक रहती है या फिर जंक्शन, बाइफर्केशन और सर्विस लेन से मुख्य फोरलेन पर वाहनों का आवागमन होता है।इन संवेदनशील स्थानों पर वाहन चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए चेतावनी बोर्ड, ट्रैफिक साइनेज और रिफ्लेक्टिंग टेप लगाने की योजना बनाई जा रही है। कुछ जगहों पर कॉशन बोर्ड लगाए जा चुके हैं, जबकि अन्य स्थानों पर भी इनकी जरूरत महसूस की गई है। पुलिस का मानना है कि सड़क पर उचित संकेतक और चेतावनी बोर्ड होने से वाहन चालक समय रहते सतर्क हो सकेंगे और संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सकेगा।
सड़क सुरक्षा इंतजामों की जमीनी स्थिति जांचने के लिए पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से शाहपुर तथा मटौर क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण भी प्रस्तावित है। इसके साथ ही कच्छयारी क्षेत्र का जायजा लिया जाएगा। यहां शिमला की ओर जाने वाला फोरलेन पुराने सड़क मार्ग से जुड़ता है। इस क्षेत्र में कई जंक्शन होने और वाहनों की तेज रफ्तार के चलते अक्सर यातायात दबाव और जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में यहां सड़क की बनावट और यातायात प्रबंधन से जुड़ी कमियों का आकलन किया जाएगा।एसपी कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान जहां भी सड़क सुरक्षा से जुड़ी खामियां सामने आएंगी, उन्हें दूर करने के लिए एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी एनएच और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि सड़क पर ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना भी है, जिससे हादसों की संभावना कम हो और वाहन चालकों का सफर सुरक्षित बन सके।

