नूरपुर, संजीव महाजन। पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CIA नूरपुर की टीम ने नागाबाड़ी क्षेत्र में टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए चिट्टे की खेप के साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.57 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, CIA नूरपुर की टीम नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत क्षेत्र में गश्त और जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने नागाबाड़ी टोल प्लाजा के पास दो युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में काबू किया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 11.57 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। साथ ही इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
