हमीरपुर, अरविंद- नगर निगम हमीरपुर की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा शहरी महामंत्री तेन सिंह ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के गठन के करीब डेढ़ साल बाद भी शहर के 15 वार्डों में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए हैं। इसके चलते स्थानीय लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।तेन सिंह ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के लोगों को जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित विभिन्न जरूरी कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद कई मामलों में समय पर काम नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली से आम जनता में निराशा बढ़ रही है।उन्होंने नगर निगम के विभिन्न वार्डों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
तेन सिंह के अनुसार, शाम होते ही कई वार्डों में अंधेरा छा जाता है और स्ट्रीट लाइटें बंद रहती हैं। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों के साथ सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी सामना करना पड़ता है।भाजपा शहरी महामंत्री ने नगर निगम आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वे लोगों की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं हैं। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य तेज करने, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रमाण पत्र समेत अन्य जरूरी सेवाओं को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाने की मांग की।
