राहुल चावला, धर्मशाला।धर्मशाला में भारतीय कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को सहेजने की दिशा में आयोजित INTACH के तीन दिवसीय कार्यक्रम में पूर्व विधायक विशाल नेहरिया ने सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और INTACH (इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज) की ओर से देशभर में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।कार्यक्रम के दौरान कॉलेज परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय कला, संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यों की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी में देश के अलग-अलग हिस्सों में संस्था की ओर से किए गए संरक्षण और पुनर्स्थापन के प्रयासों को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर विशाल नेहरिया ने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ने के लिए इस तरह के आयोजन बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि 100 से 200 वर्ष पुराने भवनों, मंदिरों, कलाकृतियों और अन्य ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित कर उन्हें नया जीवन देने में INTACH सराहनीय भूमिका निभा रहा है।उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला और कांगड़ा सहित कई क्षेत्रों में भी ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए संस्था ने महत्वपूर्ण प्रयास किए हैं। भारत की समृद्ध संस्कृति और विरासत हमारी पहचान है और इसे सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।नेहरिया ने धर्मशाला में एक कल्चरल इंस्टीट्यूट स्थापित करने के सुझाव का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि ऐसा संस्थान बनने से स्थानीय लोगों, युवाओं और पर्यटकों को कांगड़ा घाटी सहित पूरे हिमाचल की कला, संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व को समझने का अवसर मिलेगा।उन्होंने आश्वासन दिया कि धर्मशाला और हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने और संस्था को हरसंभव सहयोग देने का प्रयास किया जाएगा।

