मुख्यमंत्री सुक्खू को भी यात्रा में शामिल होने का न्योता
सोलन। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में उनके सामाजिक समानता, भाईचारे और समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा का हिमाचल प्रदेश में जोरदार स्वागत किया गया। परवाणू के बाद कुमारहट्टी में करीब 250 भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ यात्रा का अभिनंदन किया।यात्रा में शामिल दो भव्य रथ आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें स्थापित संत रविदास जी की प्रतिमा पर कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, दिल्ली के विधायक गजेंद्र, जिला अध्यक्ष रतन पाल, प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने विचारों और वाणी से जातिगत भेदभाव, छुआछूत तथा ऊंच-नीच की भावना के खिलाफ समाज को नई दिशा दी। उनके विचार किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने वर्षों तक अनुसूचित जाति समाज को केवल वोट बैंक समझा। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं हैं और उनके विचार पूरे समाज की धरोहर हैं।डॉ. कुमार ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित कांग्रेस नेताओं को यात्रा में शामिल होने का न्योता देते हुए कहा कि सामाजिक समरसता राजनीति से ऊपर का विषय है। यदि कांग्रेस समानता और भाईचारे में विश्वास रखती है, तो उसे इस अभियान में सहभागी बनना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक एकता और सर्वसमावेशी विकास का संकल्प आगे बढ़ रहा है। हिमाचल में यात्रा को मिल रहा समर्थन इसी भावना का प्रमाण है।
