हमीरपुर, अरविंद–ऑपरेशन सिंदूर को लेकर बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी की विधानसभा में की गई टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इसी कड़ी में हमीरपुर में भाजपा के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ ने मंत्री के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं और पूर्व सैनिकों ने पार्टी कार्यालय से लक्ष्मीबाई पार्क तक रैली निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और पार्क में उनका पुतला जलाकर अपना आक्रोश जाहिर किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जिस साहस, शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया, उस पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी देश के सैनिकों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि मंत्री की टिप्पणी से सेना के मनोबल और देश के सैनिकों की वीरता का अपमान हुआ है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जगत सिंह नेगी को मंत्रिमंडल से हटाने और उनसे इस्तीफा लेने की मांग की।पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के पुरुषोत्तम गुलेरिया ने कहा कि संगठन की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों और भाजपा पदाधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि विधानसभा में मंत्री द्वारा ऑपरेशन सिंदूर को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में उनका पुतला जलाया गया है। गुलेरिया ने आरोप लगाया कि मंत्री ने भारतीय सेना की उपलब्धियों पर सवाल उठाते हुए ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया, जो देश के सैनिकों के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिक सेना के गौरव से जुड़े इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे।जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने अदम्य साहस और पराक्रम का प्रदर्शन किया था। ऐसे में सेना को लेकर की गई टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर राजनीतिक लाभ के लिए सेना के मुद्दे पर बयानबाजी करने का आरोप लगाया। ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि जगत सिंह नेगी ने इस्तीफा नहीं दिया तो भाजपा प्रदेश के हर जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन करेगी।भाजपा ने स्पष्ट किया कि मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा।
