कांगड़ा-: युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और खेल गतिविधियों के प्रति उनका रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश कुमार गोगी ने ग्राम पंचायत घंगरेट में युवाओं को वॉलीबॉल किट वितरित की। इस पहल से स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।इस अवसर पर सतीश कुमार गोगी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का महत्व भी सिखाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहें और अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं।
खेलों के माध्यम से युवा न केवल अपना भविष्य उज्ज्वल बना सकते हैं, बल्कि क्षेत्र और समाज का नाम भी रोशन कर सकते हैं।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय युवाओं ने गांव के खेल मैदान से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। युवाओं ने मैदान की स्थिति सुधारने और खेल सुविधाएं बेहतर बनाने की मांग रखी। इस पर गोगी ने आश्वासन दिया कि खेल मैदान की समस्या के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।इस मौके पर ग्राम पंचायत घंगरेट के उपप्रधान ओंकार शास्त्री, पूर्व प्रधान वरिंदर शर्मा, अनुज, अक्षय, दीपक, अंकित सहित बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।

