मौके पर दूर कीं शंकाएं; जिले में 2800 घरों की छतों पर लग चुके हैं सोलर प्लांट
हमीरपुर, अरविंद-: जिला हमीरपुर में रूफ टॉप सोलर प्लांट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिजली बोर्ड की ओर से तीन दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। 13 से 15 अक्तूबर तक आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने भाग लिया और सौर ऊर्जा से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं। शिविर में सोलर प्लांट लगाने वाले वेंडर भी मौजूद रहे, जिन्होंने उपभोक्ताओं को प्लांट स्थापित करने की प्रक्रिया और इससे जुड़ी औपचारिकताओं के बारे में बताया।
शिविर के दौरान बिजली बोर्ड की ओर से करीब आधा दर्जन काउंटर स्थापित किए गए थे। इन काउंटरों पर लोगों को रूफ टॉप सोलर प्लांट लगाने, आवश्यक दस्तावेजों, निर्धारित मापदंडों और बैंक से संबंधित औपचारिकताओं की जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट लगाने के दौरान आने वाली समस्याओं और उनकी शंकाओं का समाधान भी मौके पर किया गया।
जिले में 2800 घरों की छतों पर लगे प्लांट
बिजली बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, हमीरपुर जिले में अब तक करीब 2800 घरों की छतों पर रूफ टॉप सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं, प्लांट लगाने के लिए बिजली बोर्ड के पास करीब तीन हजार आवेदन पहुंच चुके हैं। निर्धारित मापदंडों को पूरा करने वाले आवेदकों के घरों पर आगामी प्रक्रिया के तहत सोलर प्लांट स्थापित किए जाएंगे।ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए सौर ऊर्जा के इस्तेमाल पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इससे उपभोक्ता बिजली की जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वच्छ ऊर्जा का उपयोग कर सकते हैं। इसी उद्देश्य से जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग सोलर प्लांट लगाने के लिए आगे आएं।
शंकाओं का मौके पर किया समाधान
बिजली बोर्ड हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता ई. आशीष कपूर ने बताया कि 13 से 15 अक्तूबर तक तीन दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। इसमें रूफ टॉप सोलर प्लांट से संबंधित जानकारियां दी गईं और उपभोक्ताओं की शंकाओं का समाधान किया गया। साथ ही बैंक से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
