वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस, मामला दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
हमीरपुर, अरविंद-: शहर के गांधी चौक पर आधी रात कुछ युवाओं द्वारा हुड़दंग मचाने का मामला सामने आया है। युवाओं की इस हरकत का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना हमीरपुर के तहत गांधी चौक पर देर रात कुछ युवाओं ने जमकर हुड़दंगबाजी की। इस घटना के कारण सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।सीसीटीवी फुटेज में युवाओं की गतिविधियां कैद होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।शहर में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग भी उठ रही है।व्यापार मंडल हमीरपुर की ओर से भी पुलिस प्रशासन से अपील की गई थी कि शहर में हुड़दंगबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जाए, ताकि आम लोगों और व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। व्यापार मंडल ने ऐसे मामलों में उचित कार्रवाई करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि गांधी चौक पर युवाओं द्वारा हुड़दंग मचाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई की है। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। जानकारी के अनुसार, मामले से जुड़े युवाओं को पूछताछ के लिए भी बुलाया गया था।पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की जांच की जा रही है। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाना जरूरी माना जा रहा है।

