शराब पीने के बाद दो लोगों से हुआ विवाद, कमरे में 24 घंटे तक पड़ा रहा शव; एक आरोपी हिरासत में
Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में नादौन पुलिस थाना के अंतर्गत फस्टे पंचायत में एक प्रवासी मजदूर की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले के उमरिया निवासी दिग्विजय उर्फ गांगुली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद फावड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद शव करीब 24 घंटे तक किराए के कमरे में ही पड़ा रहा। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है, जबकि दूसरे संदिग्ध की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक दिहाड़ी-मजदूरी का काम करता था और फस्टे पंचायत में किराए के कमरे में रहता था। मंगलवार शाम को उसके कमरे में दो अन्य व्यक्ति भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि तीनों ने एक साथ बैठकर शराब का सेवन किया। इसी दौरान रुपयों के लेनदेन को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कथित तौर पर दो लोगों ने फावड़े से हमला कर दिग्विजय की जान ले ली।वारदात के बाद मृतक का शव कमरे में ही पड़ा रहा और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। बुधवार रात को जब स्थानीय लोग रामलीला देखने के लिए जा रहे थे, तो उनकी नजर कमरे में जल रही बिजली पर पड़ी। संदेह होने पर लोग वहां पहुंचे, जहां व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नादौन पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल किए जाने की आशंका वाला खून से सना फावड़ा तथा अन्य सामग्री कब्जे में ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गुरुवार को फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।पुलिस ने मामले में संलिप्तता की आशंका के चलते एक स्थानीय व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे संदिग्ध प्रवासी के फरार होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश ने बताया कि व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।
