अरविंदर सिंह,हमीरपुर: जिला हमीरपुर के गौतम कॉलेज में शुक्रवार को प्रयास संस्था की ओर से विशाल नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विभिन्न प्रदेशों से आए नामी आंखों के विशेषज्ञों के अलावा हमीरपुर जिला की टीम ने लोगों की आंखों की जांच की। जांच के बाद जिन लोगों को चश्मे लगने थे उन्हें चश्मे भी बना कर दिए गए। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विभिन्न लोगों को मुफ्त में चश्मे वितरित किए।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 5 सालों में सांसद मोबाइल सुविधा के जरिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में 8 लाख लोगों को घर द्वार पर चिकित्सा उपचार और दवाइयों की सुविधा उपलब्ध करवाई गई हैं। आज ही के दिन 5 साल पूर्व सांसद स्वास्थ्य मोबाइल सेवा की शुरुआत की गई थी और अब तक इसके माध्यम से 8 लाख लोगों को घर द्वार पर मुफ्त स्वास्थ्य चेकअप की सुविधा दी जा रही हैं।अब यह प्रदेश के अन्य जिलों में भी शुरू हो चुकी हैं।
उन्होंने बताया कि 3 मोबाइल वैन से इसकी शुरुआत की गई थी और आज 33 मोबाइल वैन अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने बताया कि आज लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाने की कोशिश की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज बच्चे सबसे ज्यादा आंखों की बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं क्योंकि उन्हें मोबाइल देखने की लत पड़ गई है और वह गलत दिशा की ओर बढ़ रहे हैं। फोन की लत एक बीमारी बन गई है और इसे दूर करने में सबसे ज्यादा बच्चों की मदद उनके परिजन ही कर सकते हैं। अभिभावक बच्चों के लिए फोन देखने का एक समय निर्धारित करें ताकि वह इस लत से दूर रह सके।
उन्होंने कहा कि आज बच्चे खेल मैदान से दूर हो गए हैं और उनका शरीर खराब हो रहा हैं। दिन का आधे से ज्यादा का समय उनका मोबाइल पर बीत रहा हैं, जो समाज के लिए एक चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खेलों का खोला गया हैं जिसका हर बच्चा फायदा उठाएं। उन्होंने कहा कि आज भागदौड़ भरी जिंदगी में खेले भी बहुत जरूरी हैं और युवाओं के साथ साथ किशोरों को भी आंखों के प्रति सजग रहने की आवश्यकता हैं।
बता दें कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन में प्रयास संस्था की मदद से इस नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया है और इसमें देश के 20 स्पेशलिस्ट नेत्र चिकित्सक खासतौर पर इस शिविर में आए हैं।
