विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल में विधानसभा चुनावों का समय जैसे-जैसे पास आ रहा है वैसे-वैसे राजनीतिक दलों के नेताओं में टिकट को लेकर आपसी मतभेद उभरने शुरू हो गए हैं। बात अगर चिंतपूर्णी विधानसभा सीट की जाएं तो इस विधानसभा सीट से क्षेत्र के विधायक बलवीर चौधरी को टिकट देने का विरोध किया जा रहा है। इन विरोधियों को जवाब देने के लिए अब भाजपा के उपाध्यक्ष ठाकुर होशियार सिंह बलबीर चौधरी के समर्थन में उतरे है।
उन्होंने कहा हैं कि हिमाचल प्रदेश की चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बलबीर चौधरी का विरोध करने वाले स्वयंभू नेताओं का कोई आधार नहीं है। वह यह नहीं जानते कि पिछले साढे 4 वर्ष के कार्यकाल में विधायक बलबीर चौधरी ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उनके विरोध करने के पीछे क्या मंशा है यह वही जानते हैं। प्रवीण शर्मा के बाद विधायक बलवीर चौधरी के नेतृत्व में क्षेत्र में नए युग की शुरुआत हुई।
उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के संपर्क मार्ग और लिंक रोड की सड़कें चकाचक हो गई है, लेकिन अपनी ही पार्टी के कुछ लोगों को भी विकास नजर नहीं आ रहा। कांग्रेस तो विकास ना होने का राग अलाप कर अपनी रोटियां सेक रही है, लेकिन पार्टी के ही कुछ लोग बरसाती मेहमान बन कर पार्टी के खिलाफ ही जहर उगल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कौन सा ऐसा दूसरा नेता है जो पिछले 5 वर्ष के कार्यकाल में फील्ड में जनता को दिखाई दिया है।
होशियार सिंह ने कहा कि विधायक बलबीर चौधरी के इलावा कोई भी ऐसा प्रत्याशी चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र में टिकट की लाइन में नहीं है और इन स्वयंभू नेता का विरोध का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि विधायक बलबीर चौधरी ने चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के हर गांव में समान विकास को तरजीह दी है। भाजपा के ही कुछ लोग विकास को पचा नहीं पा रहे हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस में इस समय टिकट के लिए जबरदस्त घमासान चला हुआ है लेकिन भाजपा में एकमात्र विधायक बलबीर चौधरी ऐसे प्रत्याशी हैं जिन्होंने हर वर्ग का पूरा ख्याल रखा है।
विधायक बलबीर चौधरी इस बार फिर से चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनने जा रहे हैं और अगर भाजपा की सरकार बनेगी तो इस बार कोई मंत्री पद का भी दायित्व भी मिल सकता है इसलिए, भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर विधायक के साथ खड़े हैं।
