बिलासपुर,सुभाष-: 1 एचपी नेवल एनसीसी यूनिट बिलासपुर ने “शुतुद्री वंदन-2025” सेलिंग एक्सपीडिशन के सफल और प्रभावशाली आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए यूनिट को देशभर में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ तथा ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। यह जानकारी यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने साझा की।
उन्होंने बताया कि इस एक्सपीडिशन का उद्देश्य केवल साहसिक खेलों को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करना भी था। यूनिट द्वारा नशा विरोधी अभियान, सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ जैसे जनहित अभियानों में भी सक्रिय योगदान दिया जा रहा है। इन पहलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया जा रहा है।कमांडर सज्जन कुमार ने बताया कि 1 एचपी नेवल एनसीसी यूनिट हिमाचल प्रदेश की एकमात्र नेवल एनसीसी इकाई है, जिसका कार्यक्षेत्र छह जिलों तक विस्तृत है। यूनिट से 30 स्कूल और कॉलेज जुड़े हुए हैं, जहां लगभग 1600 कैडेट्स को नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। बिलासपुर, शिमला और सोलन में संस्थागत स्टाफ विभिन्न गतिविधियों का संचालन कर रहा है।
इसके अतिरिक्त हमीरपुर के एनआईटी, ऊना कॉलेज और हाइड्रो कॉलेज बिलासपुर में एनसीसी की सीटें स्वीकृत हैं। सरकाघाट, बिलासपुर और सुजानपुर कॉलेजों में सीनियर विंग सक्रिय है। वहीं डीएवी बिलासपुर, जेएनवी बिलासपुर, कंदरौर, ओहर, ऋषिकेश स्कूल तथा ऊना के लठियानी और थाना कलां में एनसीसी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित हो रही हैं।
