मंडी:धर्मवीर(TSN)-शनिवार शाम को छोटी काशी की उन्नति और तरक्की के लिए बाबा भूतनाथ पर ललिता सहस्त्रनाम के साथ 1100 कमल पुष्पों को अर्पित किया गया।इससे पहले बाबा भूतनाथ का पवित्र शिवा बावड़ी से जल लाकर जलाभिषेक किया गया।जल लाने के लिए शहर वासियों के सहयोग से एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई।सभी ने शिवा बावड़ी से जल लाकर बाबा भूतनाथ पर अर्पित किया।इसके उपरांत बाबा भूतनाथ पर 1100 बार ललिता सहस्त्रनाम के साथ कमल पुष्पों को अर्पित करके भव्य श्रृंगार किया गया।
कामाक्षा देवी मंदिर के पुजारी ने दिया था इस आयोजन का सुझाव
बाबा भूतनाथ मंदिर के पुजारी महंत दयानंद सरस्वती ने बताया कि असम स्थित कामाक्षा देवी के पुजारी ने कुछ वर्ष पूर्व इस आयोजन का सुझाव दिया था।ऐसा करने से शहर व आसपास के क्षेत्रों की उन्नति और तरक्की होती है।सावन का यह पवित्र महीना अब अपनी समाप्ति की तरफ है तो उससे पूर्व इस भव्य आयोजन को संपन्न किया गया है।वहीं,स्थानीय लोगों में इस भव्य आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।लोग बड़ी संख्या में बाबा भूतनाथ का यह भव्य श्रृंगार देखने के लिए मंदिर में उमड़े। इससे पहले भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने कलश यात्रा में भाग लिया और बाबा का जलाभिषेक किया।सभी ने शहर और स्वयं के लिए मंगल कामना की।
