राहुल चावला, धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। वहीं, निचले इलाकों में जमकर भारी बारिश हुई। बता दें कि हिमाचल के पड़ोसी राज्य हरियाणा से आए 16 छात्रों के दल को पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर लिया है। यह सभी छात्र भागसूनाग में ट्रैकिंग पर गए थे और वहां वाटरफॉल में फंस गए थे। गुरुवार को ये सभी छात्र भागसूनाग में ट्रैकिंग पर निकले थे, लेकिन जब वापस आ रहे थे तो तेज बारिश शुरू हो गई। इसके चलते ये सभी छात्र भागसूनाग वाटरफॉल में फंस गए।
छात्रों ने कहीं से मैक्लोडगंज पुलिस का नंबर ढूंढकर फंसे होने की सूचना दी। इस पर मैक्लोडंज पुलिस मौके पर पहुंची और इस बारे में एसडीआरएफ को भी सूचित किया। पुलिस टीम ने एसडीआरएफ की मदद से सभी छात्रों को सुरक्षित निकाल लिया है। विद्यार्थियों के रेस्क्यू के समय आईपीएस ऑफिसर मयंक चौधरी, एसडीआरएफ के इंचार्ज सुनील राणा, पुलिस थाना मैक्लोडगंज, यातायात पुलिस व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
घटना की पुष्टि करते हुए आईपीएस मयंक चौधरी ने बताया कि हरियाणा से आए इन छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। जानकारी के अनुसार हरियाणा के सोनीपत से 16 के करीब विद्यार्थियों का एक ग्रुप पर्यटन नगरी धर्मशाला-मैक्लोडगंज घूमने के लिए आया था।

भागसूनाग वाटरफॉल में फंसे हरियाणा के 16 छात्र, पुलिस और SDRF ने ऐसे निकाले सुरक्षित
Leave a comment
Leave a comment
