भावना शर्मा,शिमला: शिक्षक दिवस के मौके पर प्रदेश के 16 शिक्षकों को राज्यस्तरीय शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया गया। राजधानी शिमला स्थित राजभवन में गरिमा पूर्ण समारोह का आयोजन किया गया जिसमें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने शिक्षकों को सम्मानित किया। साल 2022 के लिए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 16 शिक्षकों को यह राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मान दिया गया। सम्मान पाने वालों में 14 शिक्षक और दो शिक्षिकाएं शामिल रहे।
इस अवसर पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सभी शिक्षकों को सम्मान पाने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का राष्ट्र निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण योगदान होता है। राज्यपाल ने अपने शिक्षकों से जुड़े कई किस्से भी मौके पर मौजूद सभागार में उपस्थित लोगों के साथ सांझा की। साथ ही राज्यपाल ने स्कूल की किताबों के अलावा अन्य किताबों को पढ़ने पर भी जोर डाला। उन्होंने कहा कि किताब व्यक्ति की सच्ची मित्र होती है। ऐसे भी सभी को अपने अंदर किताब पढ़ने की आदत को डालना चाहिए।
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने सभी शिक्षकों को बधाई देते हुए इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज शिक्षकों को सम्मान के दौरान यहां मौजूद होना उनके लिए बेहतरीन अनुभूति है।
वहीं, सम्मान पाने वाले शिक्षकों ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्य के लिए सम्मान पाने से वे गर्व की अनुभूति कर रहे हैं और इस तरह के सम्मान से बेहतरीन कार्य करते रहने की प्रेरणा मिलती है।
