संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश में हो रही भारी बारिश की वजह से पौंग बांध से लगातार पानी छोड़ा जा रहा हैं। इस पानी को छोड़ने की वजह से गांव में पानी भरता जा रहा हैं। इसकी वजह से 16 से 17 गांव बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। रविवार को इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंदर राजन ने बाढ़ ग्रस्त मंड क्षेत्र के मंड मियाणी, मंड इंदौरा, मंड सनौर, मलकाणा, मंड घण्डरां, फलाही, पराल, हलेड़, मंड भोग्रवां आदि गांवों का दौरा किया। इस दौरान एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर, प्रशासनिक अमला व अन्य विभागों के अधिकारी उनके साथ रहे।
विधायक मलेंदर राजन ने कहा कि भारी बारिश के चलते पौंग बांध से अधिक मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है जिसके चलते इंदौरा विधानसभा के करीब 16 से 17 गांव बुरी तरह से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त पौंग बांध से नीचे सोन खड्ड का पानी भी अधिक मात्रा में व्यास नदी में आ रहा है,जिससे स्थिति विकट बनी हुई हैं। विधायक ने लोगों से निचले क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों में जाने की अपील करते हुए कहा कि लोग जहां कहीं भी सुरक्षित स्थान लगता है, वहां शिफ्ट हो जाएं। उन्हें टैंट व खाद्य सामग्री उपलब्ध करवा दी जाएगी।
उन्होंने प्रशासन को नुकसान का आकंलन कर उन्हें रिपोर्ट देने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित लोगों से प्रशासन की ओरसे लगाए गए राहत शिविरों में जाने का आग्रह किया ताकि लोग पूरी तरह सुरक्षित रह सके।
