शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनावों का समय जैसे जैसे पास आ रहा है वैसे वैसे नेता अपने राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने की जदोजहद में जुट गए है। पार्टी में उनका रुतबा बना रहे इसके लिए पार्टी बदलने का दौर भी खूब चल रहा है। कुछ महीने पहले ही आम आदमी पार्टी को छोड़ भाजपा में शामिल हुए सतीश ठाकुर ने अब भाजपा को छोड़ आम आदमी पार्टी यानी अपने पुराने घर में वापसी कर ली है। वापसी की वजह भी सतीश ठाकुर ने भाजपा में हो रही उनकी अनदेखी को बताया है।
बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में सतीश ठाकुर ने एक बार फिर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। सतीश ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी में पद देने का वादा किया गया था, लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी जब उन्हें भारतीय जनता पार्टी में कोई पद नहीं मिला तो उन्होंने अनदेखी का आरोप लगाते हुए एक बार फिर आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली।
बता दें कि कुछ महीने पहले आम आदमी पार्टी छोड़ केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की मौजूदगी में सतीश ठाकुर ने भाजपा का दामन थाम लिया था। हालांकि जब उन्होंने भाजपा जॉइन की उस समय सतीश ठाकुर आम आदमी पार्टी में संगठन मंत्री थे. उस वक्त उन्होंने आम आदमी पार्टी में अनदेखी का आरोप लगाते हुए भाजपा ज्वाइन कर ली थी ओर अब भाजपा पर भी यही आरोप लगा कर उन्होंने आप में वापसी की है। इसके अलावा पूर्व में आम आदमी पार्टी के इंडस्ट्री विंग के उपाध्यक्ष रहे डी.के. त्यागी और आशीष भी भारतीय जनता पार्टी छोड़ एक बार फिर आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए है।
