बिलासपुर : सुभाष ठाकुर (TSN)- हिमाचल में राज्य सहकारी बैंक की नई 25 शाखाएं खुलेंगी। इसके लिए आरबीआई से स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं, इन शाखाओं को धरातल पर उतारने को लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू कर गई है। इसका लाभ प्रदेश की जनता को मिलेगा। यह खुलासा बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सहकारी बैंक निदेशक एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव सुनील शर्मा ने किया है ।
सुनील शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान की ओर से मध्य प्रदेश में हो रहे विधानसभा चुनाव के चलते जिला खरवां के तहत बड़वा विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी बतौर प्रभारी सौंपी थी। इसी कड़ी के अंतर्गत वह यहां पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव के लिए गए थे। कांग्रेस पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया। वहीं, लोगों में कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर खासा उत्साह था। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। इन राज्यों में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस पार्टी की ही सरकारें बनेंगी। राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा ने स्थानीय मुददों को लेकर कहा है कि प्रदेश सरकार की ओर से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सफल प्रयासों के चलते 100 करोड़ सीवरेज योजना स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि दशकों पूरानी शहर की इस समस्या का समाधान होगा।
