कुल्लू :मनमिंन्द्र अरोड़ा – जिला कुल्लू के रहने वाले एक व्यक्ति से करोड़ों की ठगी के मामले में पुलिस की साइबर टीम ने नोएडा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तो वही प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि तीनों आरोपियों ने विभिन्न माध्यमों से साढ़े चार करोड़ रुपए की ठगी की है।
पुलिस की टीम ने तीनों आरोपियों के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक गैजेट भी बरामद की है। तो वही अब इस बात की पूछताछ की जा रही है कि वह किन किन अन्य ठगी के मामले में भी शामिल रहे हैं। कुल्लू पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मौहल गांव जिला कुल्लू के रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस थाना भुंतर में एक शिकायती पत्र प्रस्तुत किया था। जिसमें शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसके साथ इंन्शुरन्स पॉलिसी के नाम पर साइबर फ़्रॉड हुआ है। जिस पर पुलिस द्वारा जांच शुरू की गई। पुलिस ने जांच में पाया कि साइबर ठगों द्वारा शिकायतकर्ता को अलग-अलग नंबरों से फोन करके अलग-अलग बैंक खातों में रुपये जमा करवाने के लिए फर्जी काल आते थे। साइबर ठगों द्वारा शिकायतकर्ता से कुल 4.5 करोड़ रुपये की ठगी की गई।
आरोपियों के कब्जे से इलेक्ट्रॉनिक गैजेट भी हुए बरामद
वही, इस अभियोग के अन्वेषण के लिए पुलिस थाना भुंतर व साइबर सैल कुल्लू जिला कुल्लू के कर्मचारियों की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। अभियोग के तकनीकी अन्वेषण में पाया गया कि उपरोक्त घटनाक्रम के तार दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश सहित कई अन्य राज्यों से जुड़े हैं। जिस पर प्रारम्भिक अन्वेषण के बाद उपरोक्त टीम ने दिल्ली जाकर अभियोग का अन्वेषण शुरू किया। उपरोक्त टीम ने नोएडा सेक्टर -1 और वैशाली नोएडा में दो अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर दो फर्जी कॉल सेंटरों का भांडा फोड़ किया तथा जिस नम्बर से शिकायतकर्ता को फर्जी फोन काल्स आते थे। उसके साथ अन्य प्रकार के गैजेट्स बरामद किए गए। एसपी कुल्लू साक्षी वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने इस मामले में 3 आरोपी गोविन्द कुमार पाण्डेय पुत्र श्री श्याम बिलक्षण पाण्डेय गांव कुलहरिया, डा0 कुलहरिया, थाना बाबू बरही तहसील—जिला मधुबनी बिहार, नितिश कुमार मुकेश पुत्र श्री जीवन किशोर सरहन निवासी गांव कल्हरिया, डा0 कुल्हरिया, तहसील बाबूबड़ी, जिला मधुबनी बिहार और पंकज वर्मा निवासी बिहार को गिरफ्तार कर लिया है। तीनो आरोपियों को अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और उन से ठगी के मामले में पुलिस की टीम लगातार पूछताछ करने में जुटी हुई है।
एसपी ने बताया कि तीनों व्यक्तियों और फर्जी कॉल सेंटर में एक कम्पयुटर, दो प्रिंटर, एक पेन ड्राइव, सात लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 2 आधार कार्ड, 3 वोटर कार्ड, 3 पैन कार्ड, 15 एटीएम कार्ड, 20 मोबाइल चार्जर, 9 चेकबुक, 5 पासबुक, 2 स्वैप मशीन, 3 वाई फाई राउटर और 10 फर्म बोर्ड भी बरामद किए गए है ।
