अरविंदर सिंह, हमीरपुर: 15 मार्च को होने वाले विश्व उपभोक्ता दिवस की तैयारियों के मद्देनजर दी हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन की विशेष बैठक का आयोजन शनिवार को किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया ने की। इस मौके पर संगठन के मुख्य संरक्षक एडवोकेट सुशील शर्मा, महासचिव मनोहर लाल कानूनगो, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनसुख पठानिया चेयरमैन विपन शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विश्व उपभोक्ता दिवस को धूमधाम से आयोजित करने पर चर्चा की गई और विभिन्न कमेटियों का गठन भी किया गया। बैठक के दौरान उपभोक्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
संगठन के अध्यक्ष पुरुषोत्तम कालिया ने बताया कि 15 मार्च को विश्व उपभोक्ता दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए मुख्य अतिथि और स्थान को लेकर भी विशेष रूप से चर्चा बेठक में की गई । उन्होंने बताया कि विश्व उपभोक्ता दिवस को बचत भवन या सर्वहित सुधार भवन में आयोजित करने पर भी चर्चा की गई ताकि कार्यक्रम के दौरान जिला भर से आए लोग इसमें भाग ले सकें ।
उन्होंने बताया कि विश्व उपभोक्ता दिवस के उपलक्ष्य पर तीन विभूतियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिसमें दो के नाम निर्धारित किए गए हैं जबकि एक व्यक्ति के नाम जल्द ही चयनित कर लिया जाएगा।
