संजु चौधरी, शिमला: शिमला के बचत भवन में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सांसद सुरेश कश्यप ने अधिकारियों को जिले में चल रहे विभिन्न विकासात्मक प्रोजेक्ट्स की वास्तविक रिपोर्ट बैठक में लेकर आने के निर्देश दिए हैं। बैठक में सांसद में केंद्र सरकार के सहयोग से चल रहे विभिन्न प्रॉजेक्ट को लेकर रिव्यू बैठक ली जिसमें अलग अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सांसद ने पीडब्ल्यूडी और जल शक्ति विभाग को आगामी समय में ज्यादा मुस्तैदी से काम करने के निर्देश भी दिए हैं।
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार से इस बार के बजट में हिमाचल प्रदेश को 8478 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया हैं,जिसका हिमाचल प्रदेश को आने वाले समय में बहुत फायदा होने वाला हैं। इस बजट में से रेलवे के लिए 1902 करोड़ रुपए का बजट प्रावधान किया गया हैं। इसके अलावा सितंबर महीने से प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना फेज- 3 शुरू होने वाला है जिसके माध्यम से प्रदेश में नई सड़कों का जाल बिछाया जाएगा।
अधिकारियों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना का फेज- 1 और 2 के तहत चल रहे प्रोजेक्ट को सितंबर से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं क्योंकि सितंबर के बाद फेज वन और टू के लिए बजट आना बंद हो जाएगा। इसके अलावा केंद्र के सहयोग से चल रहे जिला के विभिन्न विकासात्मक प्रोजेक्ट में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने भी निर्देश भी अधिकारियों को दिए है।
शिमला जिला विकास समन्वय निगरानी समिति की बैठक के अलावा सांसद सुरेश कश्यप ने अधिकरयों के साथ ज़िला इलेक्ट्रिसिटी कमेटी, सड़क सुरक्षा प्रबंधन और नशा निवारण समिति की रिव्यू बैठक भी ली।
