संजीव महाजन, नूरपुर: छात्रों की विज्ञान विषय मे रुचि बने ओर छात्र इस विषय को आसानी से पड़ पाए इस उद्देश्य से बाल विज्ञान सम्मेलन का आयोजन गुरुवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल नगरोटा सूरियां में किया गया। जिलास्तरीय तीन दिवसीय 30वें बाल विज्ञान सम्मेलन का शुभारंभ उपशिक्षा निदेशक मोहिंद्र कुमार ने किया।
इस सम्मेलन में जिलाभर के दस उपमंडलों के करीब 600 प्रतिभागी विद्यार्थी व 50 रिसोर्स पर्सन भाग ले रहे हैं। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में साइंस क्विज, मैथेमेटिक्स ओलंपियाड, साइंस स्किट प्ले, साइंटिफिक प्रोजेक्ट रिपोर्ट व मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे। इस अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी अश्विनी भट्ट, विज्ञान अध्यापक संघ के जिला प्रधान सुखजिंदर गुलेरी, प्रिंसिपल हरभजन सिंह सोहल भी उपस्थित रहे।
