शिमला,संजु चौधरी(TSN)-हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला के तहत आने वाले नारकंडा में कुछ ऐसे बच्चों को स्कीइंग सिखाई जा रही है,जो बौद्धिक रूप से अक्षम (Intellectually Challenged)हैं.नारकंडा में स्कीइंग का नेशनल कोचिंग कैंप चल रहा है.शुरुआत में यहां 200 से ज्यादा बच्चों को स्कीइंग सिखाई गई और अब इनमें 39 बच्चों का चयन किया गया है.आने वाले वक्त में यह बच्चे प्रदेश के साथ देश का नाम ऊंचा करेंगे.
स्पेशल ओलंपिक भारत के हिमाचल एरिया डायरेक्टर परीक्षित महदूदिया ने बताया कि बीते तीन सालों से यहां सर्दियों के वक्त यह कैंप लगाया जा रहा है.अब इसमें 39 बच्चों का चयन किया गया है.आने वाले वक्त में यह बच्चे इटली में होने वाली वर्ल्ड विंटर गेम्स में हिस्सा लेंगे.वर्ल्ड विंटर गेम्स में 102 देश के 1 हजार 500 बच्चे आएंगे.उन्होंने बताया कि यह पैरालंपिक से अलग हटकर एक मंच है,जहां बौद्धिक रूप से अक्षम बच्चों को आगे बढ़ने का मौका दिया जाता है.
अलग-अलग श्रेणियां में बच्चों को सिखाई जा रही स्कीइंग
नारकंडा में चार अलग-अलग श्रेणियां में बच्चों को स्कीइंग सिखाई जा रही है.इनमें एल्पाइन स्कीइंग,क्रॉस कंट्री,स्नो बोर्डिंग और स्नो शूइंग श्रेणी शामिल है.परीक्षित महदूदिया ने बताया कि यहां स्कीइंग की बारीकियां सीख रहे बच्चे हुनरबाज हैं और निष्ठा के साथ खेल सीख रहे हैं.इटली में होने वाले वर्ल्ड विंटर गेम्स में यहां से कुल 49 लोगों का डाल जाएगा. इनमें 30 खिलाड़ी,15 कोच और चार अन्य स्टाफ के लोग शामिल होंगे.
