चंबा मंजूर पठान -:सर्दियों का मौसम शुरू होते ही चुराह के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में वन माफिया की सक्रियता बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में अवैध वन कटान पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग ने कमर कस ली है। विभाग ने विभिन्न वन परिक्षेत्रों में विशेष टीमें गठित कर निगरानी बढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही अवैध कटान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी है। विभाग का दावा है कि पिछले कुछ वर्षों की तुलना में वन कटान की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाने में सफलता मिली है।
वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार गुलेरिया ने मीडिया से खास बातचीत में बताया कि सर्दियों के दौरान अवैध कटान के मामले सामने आते हैं। इसे रोकने के लिए वन विभाग ने अलग-अलग वन परिक्षेत्रों में टीमें तैनात की हैं, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों की तुलना में अवैध कटान पर काफी हद तक रोक लगी है। विभाग ने बीते समय में कई मामलों का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ पुलिस में भी कार्रवाई करवाई है। वन विभाग का कहना है कि जंगलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और प्राकृतिक संपदा को बचाने के लिए निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

