चिंतपूर्णी, विकास- : धार्मिक और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हिन्दू एकता मंच समिति (रजि.) पंजाब द्वारा आयोजित 48वीं निशुल्क बस यात्रा रविवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के माहौल में माँ चिंतपूर्णी के पावन दरबार पहुंची। यह यात्रा जालंधर के राजा गार्डन क्षेत्र से सुबह 6 बजे रवाना हुई थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।माँ चिंतपूर्णी धाम पहुंचने पर सभी श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद श्रद्धालु बाबा श्री माई दास सदन में एकत्रित हुए, जहां भजन-कीर्तन और माता रानी के गुणगान का आयोजन किया गया। “जय माता दी” के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में रंग गया।
समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह निशुल्क बस यात्रा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित की जाती है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ-साथ समाज में सेवा और सद्भावना की भावना को मजबूत करना है।इस बार यात्रा में लगभग 50 से 60 श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।यात्रा कार्यक्रम के तहत श्रद्धालु माँ चिंतपूर्णी के दर्शन के बाद माँ बगलामुखी मंदिर, बनखंडी-गगरेट में भी माथा टेकेंगे। वापसी के दौरान यात्रियों के लिए चाय और लंगर की विशेष व्यवस्था की गई है।समिति के मुख्य सेवादार रमेश शर्मा, अतुल चड्ढा, सुमित शर्मा और संदीप जसवाल ने यात्रा के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।समिति पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि माता रानी की कृपा से यह सेवा आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
Chandrika
