राकेश,ऊना: देश व प्रदेश में मानसून की दस्तक के बाद लगातार हो रही बारिश से अपना कहर बरपा रही हैं। क्या मैदान, क्या पहाड़ जहां-जहां बादल बरस रहे हैं,भयानक तबाही की तस्वीरें सामने आ रही हैं। हिमाचल प्रदेश के ऊना में भी जोरदार बरसात अपना रौद्र रूप दिखा रही हैं। ऊना की जीवनधारा कही जाने वाली स्वां नदी पूरे उफान पर हैं। ऊना से होशियारपुर जालंधर जाने वाले रास्ते पर इस नदी पर बना पुल भी पानी के बहाव के कारण दोनों तरफ किनारों से क्षतिग्रस्त हो गया हैं।
पुल के साथ सड़क का दोनों तरफ का कुछ हिस्सा पानी के रौद्र रूप से खोखला हो गया हैं । यहां तक की पुल के साथ बने बिजली का एक बड़ा खंबा भी गिर गया और नदी में समा गया हैं, जबकि कुछ बड़े पेड़ भी स्वां नदी में समा गए । स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इस ऊना होशियारपुर जालंधर रोड को बंद कर दिया हैं और यहां से आवाजाही पर पूर्णता प्रतिबंध लगा दिया गया हैं।
पुलिस के जवानों को पुल के दोनों तरफ मुस्तैद कर दिया गया हैं। अब जालंधर होशियारपुर जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग से घूम कर जाना होगा । भारी बारिश के कारण हुए नुकसान और स्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से जिले के सभी शिक्षण संस्थानों को मंगलवार तक बंद कर दिया गया हैं।
वहीं ऊना में भारी बारिश के कारण हुए नुकसान का जायजा शासन के साथ-साथ पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने भी लिया। उन्होंने ऊना होशियारपुर जालंधर रोड पर सोमभदारा नदी पर बने पुल की स्थिति का भी जायजा लिया और लोगों से बातचीत की। सतपाल रायजादा ने प्रशासन को उचित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
ऊना प्रशासन की ओर से अगले 24 से 48 घंटे अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों को स्वां नदी और सहायक नदियों के साथ-साथ नालोट नालों से भी दूर रहने के निर्देश दिए हैं जबकि पुलिस के साथ-साथ होमगार्ड और एनडीआरएफ की टीमों को भी अलर्ट पर रखा गया हैं।
