बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – जिला बिलासपुर के अंतर्गत सदर विधानासभा क्षेत्र के तहत आने वाले निचली भटेड गांव में नाबलिगा के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। एक ओर जहां नाबालिग बेटी की शिकायत पर आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। वहीं, अब ग्रामीणों ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया है। वहीं, शुक्रवार को ग्रामीणों के एक प्रतिनिमंडल ने पंचायत प्रधान प्रेम लाल धीमान की अगवाई में
एएसपी शिव चौधरी से मुलाकात की।
इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव के व्यक्ति के खिलाफ गलत कार्रवाई की गई है।उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा बिना जांच पड़ताल के यह कार्रवाई की गई है। जिसके चलते पुलिस को इस ओर उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि इस व्यक्ति को उसकी दूसरी पत्नी द्वारा साजिश रच कर फंसाया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस व्यक्ति द्वारा अपने दोनों बच्चों को पढ़ाया जा रहा है और बेहतर शिक्षा प्रदान की जा रही है। लेकिन इसके बावजूद भी जानबूझ कर उसे फंसाया गया है। ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के मामले आने के चलते समाज पर भी बुरा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस मामले में उक्त व्यक्ति की दूसरी पत्नी द्वारा अपनी बेटी को उकसाया गया। उन्होंने कहा कि जिस बेटी द्वारा आरोप लगाए गए हैं वह लंबे समय से इस व्यक्ति के साथ नहीं रह रही है।अधिकतर अपनी मां के साथ चंडीगढ़ में रहती थी। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में पूरी जांच करनी चाहिए। उधर, एएसपी शिव चौधरी ने लोगों को आश्वासन दिया कि इस मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
