बिलासपुर,सुभाष ठाकुर(TSN)-भराड़ी थाना क्षेत्र के गांव निचली दख्यूत में एक बंदूक के छर्रे लगने से 61 वर्षीय महिला सत्या देवी घायल हो गई।जानकारी के अनुसार अभिषेक (40),पुत्र अजय कुमार, दख्यूत अपने घर के पास जंगल में दोनाली बंदूक के साथ पैदल जा रहा था।अभिषेक के अनुसार रास्ते में पेड़ों की बेलों और झाड़ियों में फंसने के कारण वह गिर गया।जिससे उसकी बंदूक से अचानक फायर हो गया। बंदूक के छर्रे करीब 70-80 मीटर की दूरी पर चल रही सत्या देवी को दाहिनी टांग में घुटने के नीचे व बाजू में लगे।
बता दे कि घटना के समय सत्या देवी अपने पति जगत राम के साथ कहीं जा रही थीं।वहीं घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए रेनबो अस्पताल घुमारवीं में ले जाया गया। जहां पर डाक्टरों की टीम ने महिला की टांग से दो व बाजू से एक छर्रा ऑपरेशन करके निकाला।वहीं उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।भराड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस थाना भराड़ी की टीम को मौके पर भेजा और आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।पुलिस ने बंदूक की वैधता और सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है।बिलासपुर पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
