सोलन, भूपेन्द्र -:जिला सोलन में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन-2026 के अंतिम चरण का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने बताया कि जिले की 82 ग्राम पंचायतों में कुल 83.85 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जिले के कुल 1,07,652 मतदाताओं में से 90,272 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इनमें 54,837 पुरुष मतदाताओं में से 45,587 तथा 52,815 महिला मतदाताओं में से 44,685 ने मतदान किया। पुरुष मतदान प्रतिशत 83.13 जबकि महिला मतदान प्रतिशत 84.77 रहा, जो पुरुषों की तुलना में अधिक दर्ज किया गया।विकास खंडवार आंकड़ों के अनुसार, नालागढ़ में सर्वाधिक 86.99 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जबकि कुनिहार में सबसे कम 78.56 प्रतिशत मतदान हुआ। सोलन विकास खंड में 84.43 प्रतिशत, कंडाघाट में 84.35 प्रतिशत, धर्मपुर में 83.89 प्रतिशत तथा पट्टा में 83.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।महिला मतदाताओं की भागीदारी कई विकास खंडों में पुरुषों से अधिक रही। विशेष रूप से नालागढ़ में महिला मतदान प्रतिशत 88.47 तथा कुनिहार में 80.14 प्रतिशत दर्ज किया गया।जिला प्रशासन के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रही और अंतिम चरण का निर्वाचन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
