अरविंदर सिंह,हमीरपुर: किन्नौर के कल्पा में 17 से 20 अगस्त तक होने वाली राज्य स्तरीय सीनियर फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के ट्रायल आज अणु में लिए गए। जिला फुटबॉल संघ हमीरपुर ने सिंथेटिक ट्रैक अणु में खिलाड़ियों का ट्रायल करवाया जिसमें तीन दर्जन से अधिक फुटबॉल खिलाडिय़ों ने भाग लिया। ट्रायल में जिला स्तरीय सीनियर टीम का चयन गया जो किन्नौर के कल्पा में होने वाली राज्य स्तरीय सीनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेगी।
जिला फुटबॉल संघ हमीरपुर के प्रधान प्रदीप सिंह ने बताया की जिला स्तरीय सीनियर टीम में 18 खिलाडिय़ों का चयन किया गया। चयनित खिलाडिय़ों का सोमवार से लेकर 14 अगस्त तक कैंप लगाया जाएगा। उसके बाद ही खिलाडिय़ों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए रवाना किया जाएगा। जिला स्तरीय टीम के चयन में एसडी शर्मा, हरी चरण सिंह, राजीव कुमार और नरेश ठाकुर ने चयनकर्ता के रूप में अपनी भूमिका निभाई।
बता दें कि कोरोना महामारी के चलते पिछले दो वर्षों से फुटबाल के आयोजन भी बंद पड़े थे, जिसके चलते खिलाडिय़ों को काफी नुकसान हो रहा था। दोबारा से खेलकूद प्रतियोगिताएं शुरू होने से खिलाड़ी भी काफी उत्साहित हैं।
