राकेेेश,ऊना: प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर चुनावी माहौल के बीच अब टिकट के दावेदार भी पार्टी के समक्ष अपनी दावेदारी पेश करने ने जुट गए है। ऐसे में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य एवं शाहपुर से भाजपा नेता कमल शर्मा ने भी अपनी टिकट की दावेदारी को लेकर पक्ष भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के समक्ष रख दिया है। हालांकि उनका कहना है कि वह समय आने पर टिकट के लिए दावेदारी जताएंगे। मंगलवार को शाहपुर के बसनूर में आयोजित प्रेसवार्ता में कमल शर्मा ने कहा कि भाजपा परिवारवाद की राजनीति नहीं करती।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि वह समय आने पर टिकट के लिए दावेदारी जताएंगे। टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का हक है, ऐसे में उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपना पक्ष रख दिया है। उन्होंने प्रदेश की जयराम सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं पर वार्षिक कैलेंडर लांच किया, वहीं हर घर तिरंगा अभियान के तहत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के 5 हजार घरों में अपने स्तर पर तिरंगे को पहुंचाने की बात कही।
उन्होंने विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर कहा कि भाजपा में वरिष्ठ नेता भी पहले कार्यकर्ता थे और आज भी बड़े नेता कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के लिए कार्य करते हैं। ऐसे में मैंने भी पार्टी टिकट के लिए वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपना पक्ष रख दिया है। पार्टी का जो भी निर्णय होगा, उसी अनुसार कार्य किया जाएगा।
