मंजूर पठान, चंबा : चंबा में बारिश की वजह से आफ़ते रुकने का नाम नहीं ले रही है। बीते कल जहां चंबा में बारिश की वजह से कई लोगों की जान गई तो कहीं लैंडस्लाइड हुआ जिसकी वजह से वहां हालात बिगड़े हुए हैं तो वहीं अब चंबा की सिहुंता तहसील के लोदरगढ़ में हुए भू-स्खलन के कारण 39 भेड़-बकरियां मलबे में दब गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धुलारा पंचायत के तहत लोदरगढ़ निवासी भीम सिंह पुत्र दिगति राम की 43 भेड़-बकरियां भू-स्खलन की चपेट में आ गईं, जिससे 39 बकरियों की मौत हो गई। धुलारा पंचायत के उपप्रधान नरोत्तम सिंह ने सूचना मिलने पर घटनास्थल का दौरा किया तो पाया कि मलबा गिरने से प्रभावित भीम सिंह कि पशुशाला ढह गई है और 43 में से 39 भेड़-बकरियों की मौत हो गई।
पशु चिकित्सक ने मौके पर जा कर मृत भेड़-बकरियों का पोस्टमार्टम कर दिया है, पर रास्ते बंद होने के चलते प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच पाया है।
