चंबा (मंजूर पठान): हिमाचल में भारी बारिश ने कहर बरपाया हुआ है। सभी जिलों में भूस्खलन और बारिश थमने का नाम ही नहीं ले रही। शनिवार को चंबा जिला में 2 दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते यहां कई सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए है तो वहीं जानमाल का भी काफी नुकसान हुआ है। मौजूदा हालातों को देखते हुए अब जिला प्रशासन ने मणिमहेश यात्रा को भी दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय जिला प्रशासन की ओर से लिया गया है।
उपायुक्त चंबा डी.सी राणा ने मणिमहेश यात्रा को दो दिन के लिए स्थगित करने के आदेश जारी किए है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण चंबा जिले के मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ-साथ कई अन्य मार्ग को भी नुकसान हुआ है। भरमौर-हड़सर मार्ग भी फ़िलहाल अवरुद्ध है। ऐसे में मणिमहेश की ओर यात्रा करना सुरक्षित नहीं है। इसलिए यात्रियों की सुरक्षा को मद्देनज़र रखते हुए मणिमहेश यात्रा आगामी 2 दिन के लिए स्थगित कि गई है। उपायुक्त ने यात्रियों से प्रशासन के साथ सहयोग करने की भी अपील कि है और कहा है कि सभी प्रशासन के आगामी आदेशों तक इंतजार करें।
उपायुक्त ने कहा कि भट्टियात व डलहौजी क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण जान-माल का भी नुकसान हुआ है। जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले प्रमुख संपर्क सड़क मार्ग प्रभावित हुए हैं, जिसमें एनएच 153ए और बाया जोत शामिल है। जिला में लगभग सौ सड़कें बारिश के कारण प्रभावित हुई है जिसमें सलूणी और भट्टियात क्षेत्र मुख्य रूप से शामिल है। उन्होंने कहा कि बाधित संपर्क सड़क मार्गों की बहाली के लिए विभाग प्रयास कर रहा है लेकिन लगातार हो रही बारिश कार्य में बाधा बन रही है।
