केलांग /मनमिन्दर अरोड़ा – एचआरटीसी प्रबंधन का शिंकुला दर्रे में बस का ट्रायल सफल रहा है। जिसके बाद केलंग डिपो ने बस सेवा शुरू करने की तैयारी कर ली है। इस बस सेवा के शुरू होने से जांस्कर घाटी के लोगों को राहत मिल जाएगी। इससे पहले लेह व कारगिल होकर चार दिन बाद घर पहुंचने वाले जांस्कर के लोगों को 815 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता था। लेकिन अब कारगिल वासियों की राहें आसान हो गई हैं। शिंकुला दर्रे के सड़क से जुड़ने के बाद जांस्कर घाटी के लोगों की जिंदगी ही बदल गई है। बीआरओ ने इसी साल जून महीने में शिंकुला से करगये तक सड़क को बड़े वाहनों के लिए तैयार किया था।
हालांकि अभी सेना को इस मार्ग का लाभ नहीं मिलेगा लेकिन एचआरटीसी की 24 सीटर बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।बस सेवा से कारगिल में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। हालांकि अब सर्दियों का मौसम शुरू हो जाने से पर्यटक इस साल तो नाममात्र ही बस सेवा का लाभ उठा पाएंगे। लेकिन अगली गर्मियों में मई व जून में बारालाचा दर्रे के साथ साथ शिंकुला दर्रे में भी पर्यटकों की रौनक रहेगी।
कुछ ही सप्ताह में एचआरटीसी बस सेवा होगी शुरू
एचआरटीसी केलंग डिपो के आरएम आंशित ने बताया 24 सीटर बस का ट्रायल सफल रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ ही सप्ताह में एचआरटीसी अपनी बस सेवा शुरू कर देगा
