बिलासपुर/सुभाष ठाकुर – प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने बताया कि बिलासपुर सदर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस लाओ, भ्रष्टाचार मिटाओ, देश बचाओ विषय को लेकर 8 अगस्त से परिवर्तन यात्रा शुरू होगी। यह परिवर्तन यात्रा का प्रथम चरण होगा और इसके बाद द्वितीय व तृतीय चरण की यात्रा के साथ पूरी होगी।
बंबर ठाकुर ने बुधवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों को संबोधित करते हृुए बताया कि प्रथम चरण की यात्रा का शेड्यूल जारी हो चुका है जिसके तहत चालीस सभाएं की जाएंगी। उन्होंने भाजपा सरकार के पांच साल के कार्यकाल को निराशाजनक करार दिया है। कहा कि इस अवधि में बीजेपी के चहेतों ने जमकर चांदी कूटी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का ही कार्य किया।
जनता के बीच जाकर नेताओं के चंद ठेकेदारों के कारनामों का सच पंफलेट के माध्यम से दर्शाया जाएगा। इसके अलावा एम्स संस्थान बिलासपुर के कोठीपुरा मेें तैयार हुआ है और वहां पर गुजरात की एक कंपनी सफाई कर्मी व सुपरवाईजर इत्यादि रखने के लिए पैसे की मांग कर रही है। यहां तक कि चालीस हजार रूपए मांगे जा रहे हैं।
