शिमला-: भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकतंत्र की रक्षा की बात करने वाली कांग्रेस को पहले अपने राजनीतिक इतिहास और कार्यशैली पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा 1 नवंबर को शिमला में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों और प्रदेश सरकार के कामकाज से जुड़े मुद्दों को जनता के समक्ष उठाएगी।
शिमला के होटल ध्रुव में पदयात्रा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में भाग लेते हुए डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर सवाल उठाते हैं, लेकिन कांग्रेस को अपने राजनीतिक आचरण का भी आकलन करना चाहिए। उन्होंने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की बात करने वाली कांग्रेस को अपने अतीत का भी जवाब देना चाहिए।डॉ. सिकंदर कुमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी परिणामों के अनुरूप लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर अलग-अलग रुख अपनाती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर कांग्रेस इसे लोकतंत्र की जीत बताती है, जबकि विपरीत परिणाम आने पर संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाती है।
प्रदेश सरकार से वादों पर जवाब मांगेंगे
भाजपा सांसद ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भी घेरते हुए बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक स्थिति और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े सवालों का समाधान करने के बजाय राजनीतिक विवादों में उलझी हुई है।डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि 1 नवंबर को शिमला में आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए भाजपा कांग्रेस की नीतियों और सरकार के कामकाज पर सवाल उठाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दे उठाती रहेगी और प्रदेश सरकार से जनता के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करेगी।
