नाहन/देवेन्द्र कुमार: लोगों को बीमारियों से बचने को लेकर जहां स्वास्थ्य विभाग विभिन्न माध्यमों से जागरूक करता नजर आता है। वही जिला मुख्यालय नाहन में स्वास्थ्य विभाग की पिछले लंबे अरसे से बड़ी लापरवाही सामने आ रही है। जो ना केवल आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए परेशानी बनी है तो वही बड़ी महामारी को भी न्योता दे रही है। मेडिकल कॉलेज नाहन की सीवरेज वार्ड नंबर 2 में पिछले लंबे अरसे से खुले में बह रही हैं। सीवरेज के खुले में बहने से जहां लोगों को पैदल चलना मुश्किल हो गया है, तो वही यह सीवरेज आसपास के लोगों के लिए बीमारियों का खतरा भी बनी है।
आसपास के लोगों ने समस्या को लेकर नगर परिषद व डीसी सिरमौर को कई बार शिकायत दी है। बावजूद इसके मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। कुछ समय पहले डीसी सिरमौर ने नगर परिषद को आदेश जारी किए थे कि खुले में सीवरेज बहने पर मेडिकल कॉलेज को नोटिस जारी किया जाए। नगर परिषद द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अभी तक समस्या ज्यों की त्यों है। स्थानीय लोगो ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की सीवरेज वार्ड नंबर 2 में पिछले लंबे समय से सड़क पर बह रही हैं। जिसको लेकर नगर परिषद व संबंधित विभागों को कई बार शिकायत कर चुके हैं। बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि लगातार पानी के बहने से सड़क की हालत भी दयनीय हो चुकी है। उन्होंने कहा कि पिछले लंबे समय से हॉस्पिटल राउंड सड़क की हालत दयनीय हुई है जिसकी और भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नगर परिषद फिर से करेगी चालान नोटिस जारी
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय तोमर ने बताया कि शहर के वार्ड नंबर 2 में मेडिकल कॉलेज नाहन के सीवरेज के पानी को खुले में बहने का मामला संज्ञान में आया था। जिसको लेकर मेडिकल कॉलेज को नोटिस जारी किया गया था । जिसके जवाब में मेडिकल कॉलेज ने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। यदि जल्दी समस्या का समाधान नहीं होता तो नगर परिषद पुनः चालान नोटिस जारी करेगी।
