भावना शर्मा, शिमला: चुनावी माहौल के बीच में प्रदेश की राजनीति इस समय चुनावी अखाड़े में तब्दील हो चुकी है। इस चुनावी अखाड़े में भाजपा और कांग्रेस के बयानों की उठापटक लगातार चल रही है। इसी उठापटक के बीच में अब मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से कांग्रेस नेताओं को अपनी कुंडली दिखाने के बयान पर नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने पलटवार किया है और मुख्यमंत्री को किसी अच्छे पंडित से अपनी कुंडली दिखाने की नसीहत दी है।
मुकेश ने कहा कि मुख्यमंत्री कांग्रेस की चिंता न करें। कांग्रेस का योग बदल रहा है और अभी श्राद चल रहे है और नवरात्रों के बाद चुनाव होंगे जिसमें कांग्रेस की स्थिर सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार का तंबूअफसरशाही ने पकड़ा है जोकि बुरी तरह से उखड़ने वाला है। सरकारी बैसाखियां जल्द बिखरने वाली है। उन्होंने कहा कि जब यह सरकार पूरे यौवन पर थी उस समय चारों उपचुनाव हार गए थे तो अब भी स्तिथि में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है ओर भाजपा गलतफहमी में न रहे।
उन्होंने कहा कि जयराम सरकार सरकारी कोष का दुरुपयोग कर रही है। सरकारी खजाने से अमृत महोत्सव के नाम पर भाजपा की रैलियां की जा रही हैं। एक रैली पर 50 लाख से ज्यादा खर्चा किया जा रहा है और सरकारी बसों को लोगों को लाने के लिए लाया जा रहा है। बसों ओर रैली स्थल पर भाजपा के झंडे लगाए जा रहे है। प्रदेश भर में 75 रैलियां कर रहे है जिसमें आगनबाड़ी, आशा वर्कर्स को लाया जा रहा है। प्रदेश में कर्ज 70 हजार करोड़ का कर्ज है और ये सरकार कोष का दुरुपयोग कर रही है।
मुकेश ने जयराम ठाकुर की ओर से स्व वीरभद्र सिंह पर की गई टिपण्णी पर भी पलटवार किया है ओर कहा कि जयराम ठाकुर ने स्व. वीरभद्र सिंह पर सरकारी खजाने के साथ खिलवाड़ करने के आरोप लगाए है। वीरभद्र सिंह दिवंगत नेता है। 20 साल तक उन्होंने प्रदेश की अगुवाई की है और 60 साल तक राजनीति में रहे है। जयराम ठाकुर सम्मान के साथ उनके बारे में बात करे।
मुकेश ने जयराम ठाकुर को होर्डिंग वाला मुख्यमंत्री करार दिया और कहा कि जयराम सरकार कोई विकास के काम नहीं कर पाई है लेकिन प्रदेश में हर चौक पर होर्डिंग लगाई जा रही है और प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने अफसरों को भी नसीहत देते हुए कहा कि वह अपनी सीमा में रह कर काम करें।
