अनिल कुमार, किन्नौर: जिला किन्नौर व स्पीति के सीमांत क्षेत्र समदो की पहाड़ियों से भूस्खलन का मामला सामने आया है। जैसे ही पहाड़ियों से मलबा गिरा तो उससे धुंए का भयंकर गुब्बार उठा। इस भूस्खलन से किन्नौर व स्पीति के सीमांत समदो सड़क मार्ग अवरुद्ध हुआ है। प्राप्त जानकारी अनुसार हल्की बारिश के चलते समदो की पहाड़ियों से यह भूस्खलन हुआ है जिसमें किसी के जानमाल का नुक़सान नहीं हुआ है लेकिन सड़क मार्ग जो स्पीति व किन्नौर जिला को आपस मे जोड़ती है वह अवरुद्ध हो गया है।
वहीं सड़क मार्ग अवरुद्ध होने के बाद सड़क के दोनों ओर यात्री फंसे हुए है ओर सड़क को दोनों ओर से बहाल करने के लिए बीआरओ की टीम काम कर रही है। समदो के समीप सड़क के जल्द बहाल होने की उम्मीद भी जताई जा रही है। समदो चीन सीमांत क्षेत्र है जो किन्नौर व लाहौल स्पीति जिला का मध्य सीमांत क्षेत्र है जिसका आधा हिस्सा किन्नौर व आधा हिस्सा स्पीति में है और ऐसे में इस सड़क बहाली में दोनों जिला के प्रशासन भी बीआरओ की मदद कर रहे हैं ताकि जल्द सड़क बहाल हो और लोग राहत की सांस ले सकें।
