सोलन/योगेश शर्मा: प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के बड़े बड़े दावे करती है। लेकिन वास्तविकता क्या है उसकी पोल सोलन का पीजी कॉलेज खोल रहा है। जहां पर आज तक बीकॉम ब्लॉक नहीं बन पाया है और छात्रों की कक्षाएं ऐसी जगह लगाई जा रही है जहां बरसात में पड़ना मुश्किल हो जाता है। बीकॉम ब्लॉक की घोषण काफी वर्ष पहले की जा चुकी है और उसके लिए भूमि का चयन भी किया जा चुका है, लेकिन आज तक बीकॉम ब्लॉक का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। बीकॉम ब्लॉक काफी वर्षों से केवल कागज़ों में ही बन रहा है।
इस लेटलतीफी का खामियाजा कॉलेज में पढ़ने आ रहे विद्यार्थियों को भुगतना पड़ है। सभी छात्र संगठन इस भवन निर्माण के लिए आंदोलन कर चुके है लेकिन किसी के सर पर जूं तक नहीं रेंग रही है। लेकिन इस बार कॉलेज की प्रिंसिपल रीता शर्मा ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इसका निर्माण कार्य आरम्भ हो जाएगा। प्रिंसिपल रीता शर्मा ने बीकॉम ब्लॉक के निर्माण कार्य के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गई है। जहां भवन बनना है, वहां साफ-सफाई भी करा दी गई है।
लोक निर्माण विभाग को इस बाबत धन भी उपलब्ध करवा दिया गया है। उन्हें पूर्ण उम्मीद है कि जल्द ही इस भवन का निर्माण कार्य आरम्भ कर दिया जाएगा। उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि अब जैसे ही नया स्तर अगले वर्ष बैठेगा तो बीकॉम ब्लॉक बन चुका होगा और नए भवन में ही अगले स्तर की कक्षाएं लगेंगी। निर्माण कार्य जल्द से जल्द आरम्भ हो इसके लिए संबंधित विभाग को आग्रह भी किया गया है।
