नालागढ़/जगत सिंह: सीएम जयराम ठाकुर के नालागढ़ दौरे के दो दिन बाद भी रैली स्थल की सफाई नहीं करवाई गई है। ऐसे में भाजपा सरकार के स्वच्छता अभियान के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। दरअसल 21 सितंबर को सीएम जयराम ठाकुर का नालागढ़ दौरा था और इस दौरान उन्होंने हेरीटेज पार्क में एक विशाल रैली को संबोधित भी किया था । सीएम जयराम ठाकुर के दौरे के 2 दिन बाद भी रैली स्थल की किसी भी प्रकार की कोई सफाई नहीं करवाई गई है। पूरे रैली स्थल पर चारों ओर गंदगी का आलम है। खाली प्लेटें और खराब हुए खाने के सामान से बदबू आना शुरू हो चुकी है। वही हेरिटेज पार्क की स्वच्छता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
पार्क में आने जाने वाले लोग इस गंदगी से खासे परेशान है और लोगों में बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है ।स्थानीय लोगों ने सरकार व प्रशासन से जल्द हेरिटेज पार्क की साफ सफाई करवाने की मांग उठाई है। बता दें कि भाजपा सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान के नाम पर करोड़ों अरबों रुपए खर्च किए जा रहे हैं , लेकिन इसका जमीनी तौर पर कोई भी असर देखने को नहीं मिल रहा है । आलम यह है कि जिस जगह सीएम जयराम ठाकुर 2 दिन पहले रैली करके गए थे, उसी जगह गंदगी के ढेर लगे हुए देखे जा सकते हैं। अब ना तो भाजपा की सरकार द्वारा रैली स्थल की सफाई करवाई गई है और ना ही प्रशासन द्वारा इसका कोई ख्याल रखा गया है।
