कुल्लू/ मनमिन्दर अरोड़ा: युवा देश की एक ऐसी शक्ति है जो देश के विकास व उन्नति में अहम भूमिका निभाती है, वो दिन दूर नहीं जब भारत का युवा विश्व को राह दिखायेगा। एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह ने यहां देवसदन में नेहरू युवा केंद्र द्वारा आयोजित जिला स्तरीय युवा महोत्सव को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले उन्होंने जिला स्तरीय युवा महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने नेहरू युवा केंद्र की युवा अधिकारी सोनिका चंद्रा की तारीफ करते हुए कहा कि जब से इन्होंने कार्यभार संभाला है तब से कुल्लू में युवाओं के लिए विभिन्न प्रकार के आयोजन हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय युवा महोत्सव में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाई गई। जिसमें भाषण प्रतियोगिता, लोकनृत्य, चित्रकला प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता,वाद विवाद प्रतियोगिता,कविता प्रतियोगिता आदि का आयोजन हुआ। उन्होंने कहा कि इन प्रतियोगिताओं में एक से बढ़कर एक प्रतिभा देखने को मिली। उन्होंने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दी और जो यह प्रतियोगिता नहीं जीत पाए उन्हें निराश न होकर अधिक मेहनत करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जिस देश का युवा मजबूत होता है वह देश भी मजबूत होता है और भारत देश का युवा भी मजबूत व हुन्नरवान है। इसके बाद उन्होंने सभी विजेताओं को पुरस्कृत भी किया।
