विकास शर्मा,चिंतपूर्णी : हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार की सुबह शाम की आरती आत्मा चैनल पर लाइव होगी। इस आरती के लाइव होने से जहां श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और वह मां की आरती लाइव देख सकेंगे। तो वहीं मंदिर न्यास को भी सालाना लाखों की अतिरिक्त आय इस से प्राप्त होगी। आत्मा चैनल ने सबसे अधिक 3 लाख 21 हजार का रेट भरकर सुबह शाम आरती के दर्शन करवाने के राइट खरीद लिए है। इससे बुजुर्ग और दिव्यांग श्रद्धालु और जो किसी कारणवश चिंतपूर्णी नहीं आ सकते वह माता के दर्शन घर बैठकर कर सकते है।
इससे पहले इस तरह की सुविधा वैष्णों देवी मंदिर में है वहां की आरती भी एक चैनल की ओर से लाइव दिखाई जाती है। अब चिंतपूर्णी की आरती रोजाना सुबह-शाम लाइव हो रही है। इसके लिए आत्मा चैनल ने चिंतपूर्णी मंदिर परिसर में अपने कैमरे इंस्टॉल कर दिए है। आत्मा चैनल फास्टवे केबल नेटवर्क के 596 नंबर पर चलता है।
मंदिर वित्त अधिकारी शम्मी राज ने बताया आत्मा चैनल की ओर से सबसे अधिक रेट भरकर 3 लाख 21 हजार में आरती के राइट को खरीदा गया है। इससे एक व्यक्ति को रोजगार भी मिला है ओर मंदिर न्यास को भी अतिरिक्त आय हुई है। इसके अलावा उन्होंने बताया उनके चिंतपूर्णी मंदिर में ज्वाइन करने के बाद मंदिर न्यास के वैकल्पिक इनकम बढ़ाने के लिए प्रयास किए गए है। इसके अलावा मंदिर न्यास चिंतपूर्णी के बाबा श्री माई दास सदन में पार्किंग को भी आउट सोर्स पर कर दिया गया है,जिससे मंदिर न्यास को 8 लाख की सालाना इनकम होगी। इससे पहले इस पार्किंग से सिर्फ प्रति वर्ष पहले 2 लाख 50 हज़ार लगभग की आमदनी होती थी।
