विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के विश्व विख्यात शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी में असूज नवरात्रों के तीसरे दिन माता रानी के दरबार में भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर में भीड़ ज्यादा होने के कारण श्रद्धालुओं को आधे से 1 घंटे में माता रानी के दर्शन करने का समय लगा वहीं दूसरे नवरात्रि के मुकाबले तीसरे नवरात्रि में श्रद्धालुओं की संख्या में थोड़ी सी वृद्धि मंदिर में देखी गई।
मंदिर न्यास चिंतपूर्णी से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर 2 बजे तक तीनों दर्शन पर्ची केंद्रों से 6885 श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में दर्शन करने के लिए दर्शन पर्ची ली। वहीं मंदिर न्यास चिंतपूर्णी नेे दूसरे नवरात्रि के चढ़ावे की गणना पूरी करने के बाद सहायक मंदिर अधिकारी अशोक डोगरा ने गणना के आंकड़े जारी कर दिए है,जिसमें बताया गया की 10 हजार के लगभग श्रद्धालुओं ने दूसरे नवरात्रि के दिन 9 लाख 96 हजार 456 रुपए का नगद चढ़ावा माता के दरबार में अर्पित किया। इसके अलावा 33 ग्राम सोना और 797 ग्राम चांदी और विदेशी मुद्रा में मलेशिया की एक मुद्रा भी मंदिर न्यास को प्राप्त हुई है।
बताते चले की पहले नवरात्रि के दिन मंदिर न्यास चिंतपूर्णी को 11 लाख 92 हजार 264 रूपए का चढ़ावा प्राप्त हुआ था। पहले दो नवरात्रों का चढ़ावा 20 लाख की राशि को पार कर गया है। अभी असूज नवरात्रि के अभी 8 दिन बाकी है,जिसमें एक करोड़ की राशि को पार करने की संभावना है। पिछले वर्ष के असुज नवरात्रि में 7 अक्टूबर से लेकर 14 अक्टूबर 2021तक मंदिर न्यास को 6211897 रुपए का नगद चढ़ावा प्राप्त हुआ था।
