नाहन/देवेन्द्र कुमार: ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में नए स्तरोन्नत स्कूलों व नये पटवार सर्कलों के उदघाटन किए। सुख राम चौधरी ने आज टारू डाण्डा पंचायत के कालाअंब में राजकीय प्राथमिक पाठशाला से स्तरोन्नत माध्यमिक पाठशाला का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व कालाअंब के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए किलोड़ या माजरी जाना पड़ता था। उन्होंने पुनः खोले गए राजकीय प्राथमिक पाठशाला भैला और शुनोग का भी उदघाटन किया। उन्होंने बताया कि राजकीय प्राथमिक पाठशाला भैला में अभी 15 विद्यार्थियां ने दाखिला लिया है और यहां से नघेता जाने वाले अन्य विद्यार्थी भी शीघ्र ही इस पाठशाला में अपना दाखिला करवाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस पाठशाला में 2 जेबीटी अध्यापकों की नियुक्ति भी कर दी गई है जिन्होंने आज ही अपनी डियुटी ज्वाईन कर ली है। उन्होंने कहा कि शुनोग में प्राथमिक पाठशाला खुलने से आसपास क्षेत्र के लोगों को लाभ मिलेगा। उर्जा मंत्री ने आज 7 लाख रुपए की लागत से पुननिर्मित पटवार भवन शिवा का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने पटवार वृत बनौर का भी शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि बनौर पटवार सर्कल के खुलने से बनौर तथा नगाली के लोग लाभान्वित होंगे। इससे पूर्व इस क्षेत्र के लोगों को अपने राजस्व सम्बन्धी कार्यों के लिए शिवा जाना पड़ता था। सुख राम चैधरी ने कानुनगो वृत राजपुर का शुभारम्भ भी किया। इस वृत के खुलने से पटवार वृत राजपुर, शिवा, बनौर, डाण्डा तथा टारू भेला के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने पटवार वृत डाण्डा का भी शुभारम्भ किया। इसके खुलने से क्षेत्र के कंडेला, अलदवाड़, कुलथीना को लाभ मिलेगा।
सुख राम चैधरी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से पांवटा साहिब तहसील के अंतर्गत मौजूदा पटवार वृत्तों का पुनर्गठन किया गया है। जिस के अंतर्गत देवी नगर, गौंदपुर, छछेती, पातलियों, बैंकुआं, शमशेरपुर, मानपुर देवड़ा, खोदरी माजरी, मोहकमपुर नवादा, बनौर और डॉंडा में 11 नए पटवार वृत्त खोले गए हैं तथा राजपुरा और भांटावाली में दो नए कानूनगो वृत खोले गए हैं। इसके अतिरिक्त राजपुर और खोडोंवाला में दो नई उप तहसीलें खोली गई है। इससे पांवटा साहिब तहसील में कुल 23 पटवार वृत और 4 कानूनगो वृत हो जाएंगे।
उर्जा मंत्री ने हर घर पीने का पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, अच्छी शिक्षा की व्यवस्था घर द्वार पर पर होने से क्षेत्र का विकास हो जाता है। जिसके लिए वह हमेशा प्रयासरत रहे है। उन्होंने कहा कि नघेता में 11 करोड़ रुपए की लागत से बिजली के 33 केवी सब-स्टेशन का कार्य प्रगति पर जिसका जल्द ही लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कुलथीना सड़क पिछले कई दशकों से नहीं बनी थी, उस पर 10.49 करोड़ की लागत से जल्द कार्य आरम्भ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 4.70 करोड़ रुपये की लागत से शिवा बनौर सड़क का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि भैला से क्लाथा के लिए बनने वाली सड़क को नाबार्ड में डाला गया है और स्वीकृति मिलते ही इस सड़क का कार्य आरम्भ किया जाएगा।
