अरविंदर सिंह, हमीरपुर: रक्तदान महान दान की संज्ञा में आता है। आपकी ओर से दिया गया रक्त किसी को जीवनदान दे सकता है किसी के परिवार को नया जीवन दे सकता है, इसलिए जब भी मौका मिले रक्तदान अवश्य करें। यह अपील पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल में शनिवार को सुजानपुर मैदान में बनाए गए कला मंच पर आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान उपस्थित सभी युवाओं ओर लोगों से की।
दिशा फाउंडेशन के सौजन्य से प्रतिवर्ष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाता है। यह फाउंडेशन अपने सदस्य अपने एक दिवंगत मित्र नीतेश महाजन की याद में रक्तदान शिविर लगाती है। इस मौके पर दिवंगत नितेश महाजन की माता सविता महाजन और उनके सगे संबंधी मौजूद रहे।
इससे पहले यहां पहुंचे मुख्य अतिथि ने विधिवत रिबन काटकर इस रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया उन्होंने रक्तदान करने वाले युवा वर्ग को इस पुनीत कार्य में भाग लेने की बधाई देते हुए कहा कि आपके द्वारा दिया गया यह रक्त किसी के जीवन को बचाने के काम आएगा और आज के समय में इससे बड़ा कोई काम नहीं है। उन्होंने दिवंगत नितेश महाजन की माता की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस मां का बेटा आज इस दुनिया में नहीं है लेकिन उसके नाम का यह रक्तदान शिविर जो यहां आयोजित हो रहा है अपने आप मे एक महान कार्य है।
