सोलन/योगेश शर्मा: सोलन शहर की जनता को इन दिनों पानी के भारी-भरकम बिल आ रहे हैं। इसको लेकर अब भाजपा ने कांग्रेस के नगर निगम को घेरने का प्रयास किया है। भाजपा पार्षद शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने नगर निगम के चुनाव के दौरान लोगों को सस्ता पानी देने का वादा किया था लेकिन अब उस वादे को कांग्रेस पूरा नहीं कर पा रही है। भाजपा पार्षद शैलेंद्र ने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने ₹100 में साढे 12000 लीटर पानी देने का वादा किया था , लेकिन वह कैसे पूरा किया जाए इसको लेकर कोई भी नीति कांग्रेस के पास नहीं थी।
ऐसे में अब लोगों को भारी-भरकम बिल आ रहे हैं। शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि फिलहाल नगर निगम की ओर से चार चार महीनों का बिल ही जमा करवाने के लिए जनता से कहा गया है,लेकिन आधे बिल भी भारी भरकम है, जिससे जनता परेशान हो रही है। शैलेंद्र गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा पिछले डेढ़ वर्ष में नगर निगम सोलन को साढ़े 34 करोड़ रुपए विकास कार्यों के लिए दिए गए है , लेकिन उन पैसों को भी नगर निगम सोलन नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम सोलन की कार्यप्रणाली से पहले ही जनता परेशान है। वहीं अब इसका जवाब आने वाले विधानसभा चुनाव में भी जनता देने के लिए तैयार है।
